आगरा। फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में श्मशान घाट पर टीनशेड नहीं होने को लेकर बारिश में तिरपाल लगाकर लोग शव का अंतिम संस्कार कर रहे हैं। मंगलवार को बारिश के दौरान तिरपाल लगाकर अंतिम संस्कार करने का वीडियो भी वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सांसद विधायक दोनों ही इस बात की सुध नहीं ले रहे हैं कि यहां टीनशेड लगवा दें।
विकासखंड के ग्राम हंसपुरा में श्मशान घाट पर टीनशेड न होने से मंगलवार को बारिश के बीच ग्रामीणों को तिरपाल लगाकर शव का दाह संस्कार करना पड़ा। हंसपुरा निवासी सत्यप्रकाश सक्सैना के निधन के बाद परिजन और ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे थे। लगातार बारिश हो रही थी और यहां पर टीन शेड भी नहीं था। ऐसे में ग्रामीणों ने तिरपाल लगाकर चिता को बारिश से बचाया और किसी तरह अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई। ग्रामीणों का कहना है कि श्मशान घाट पर टीनशेड की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विकास के दावों के बावजूद गांव की मूलभूत सुविधाएं उपेक्षा का शिकार हैं। ग्रामीणों ने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई है।











