आगरा। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र में हाथ से मोबाइल छीन कर भागते दो बाइक सवार बदमाशों को साहसी युवक ने पीछा कर दबोच लिया। युवक ने साहस दिखाते हुए लुटेरों का पीछा किया और दो बदमाशों को धर दबोचा, जबकि एक आरोपी मौके से भाग गया। युवक ने साथियों की मदद से दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया।
मामला रविवार रात करीब 8:00 बजे का है। दुर्गा नगर निवासी विष्णु गोला पुत्र रामकिशन टेढ़ी बगिया स्थित रोडवेज वर्कशॉप के पीछे प्राइवेट नौकरी करता है। बताया गया है कि रात को वह काम खत्म करने के बाद अपने अन्य दोस्तों के साथ वापस रोड पर आया था। विष्णु दोस्तों से आगे चल रहा था। इसी दौरान उसने जेब से मोबाइल निकाला। तभी पीछे से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों में से एक ने उसके मोबाइल पर झपट्टा मारा और मोबाइल छीन लिया, जिसके बाद विष्णु ने बाइक सवारों का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर उन्हें पकड़ लिया। इसी दौरान मौका पाकर एक बदमाश मौके से भाग गया, जबकि विष्णु के अन्य साथी भी पीछे से भाग कर आ गए। दोनों की मदद से विष्णु ने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जिसके बाद वह बाइक सवार दोनों बदमाशों को थाना एत्माद्दौला ले आया और पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में इंस्पेक्टर एत्माउद्दौला विनोद कुमार ने बताया की दो बदमाश पकड़े गए हैं, जिनसे पूछताछ की जा रही है।











