आगरा। दीवानी न्यायालय में बुधवार को पेशी पर लाए गए गैंगस्टर एक्ट के आरोपी को दो-तीन लोग दीवान पर हमला कर छुड़ाकर ले गए। हमले में दीवान गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना पर आईजी और एसएसपी मौके पर पहुंच गए। दीवानी के आसपास के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।
फिरोजाबाद निवासी विनय श्रोत्रीय के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज है। विनय पर करीब 15 से 20 मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं। बरहन पुलिस ने उसे जेल भेजा था। बुधवार दोपहर को जेल से न्यायालय में उसे पेशी पर लाया गया था। हेड कांस्टेबल अनुज कुमार उसे कोर्ट में पेश करने के बाद ले जा रहा था, तभी दो-तीन लोग आए। इनमें से एक ने अनुज के सिर पर ईंट मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद चारों लोग उसे छुड़ा कर ले गए। गैंगस्टर के आरोपी को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाकर ले जाने के बाद हड़कंप मच गया। इधर विनय एक युवक का मोबाइल भी ले गया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है कि वह कहीं विनय का साथी तो नहीं था।












