आगरा। बाह थाना क्षेत्र के गांव चौरंगाहार में तेहरवीं कार्यक्रम के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भट्टियों में आग जलाने के दौरान उठे धुएं से पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते में हलचल हो गई और देखते ही देखते मधुमक्खियों का झुंड वहां मौजूद लोगों पर टूट पड़ा। इस अचानक हुए हमले में करीब पांच लोग मधुमक्खियों के काटने से घायल हो गए, जिनमें बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों ने किसी तरह भागकर तथा कपड़ों से खुद को ढंककर अपनी जान बचाई।
गांव चौरंगाहार में एक परिवार में तेहरवीं कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम में ग्रामीणों और परिजनों की आवाजाही बनी हुई थी, वहीं भोजन व्यवस्था के लिए भट्टियों में आग जलाई जा रही थी। इसी दौरान भट्टियों से निकला धुआं पास में लगे एक पेड़ तक पहुंचा, जहां मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। धुएं और गर्मी के असर से छत्ते में हलचल हुई और कुछ ही पलों में मधुमक्खियां झुंड बनाकर नीचे मौजूद लोगों पर टूट पड़ीं। अचानक हुए इस हमले से मौके पर हड़कंप मच गया और कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ जैसे हालात बन गए। मधुमक्खियों के हमले के बाद वहां मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर, सिर और चेहरे को कपड़ों से ढंककर अपना बचाव किया। कई लोग इधर-उधर दौड़ते नजर आए, जबकि छोटे बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए ग्रामीणों ने तुरंत सक्रियता दिखाई। स्थानीय लोगों ने बताया कि हमला इतना अचानक था कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। कुछ लोग पेड़ और दीवारों की ओट लेकर बचे, जबकि कई लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया। इस हमले में करीब 5 लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल बताए जा रहे हैं, जिन्हें मधुमक्खियों के डंक लगने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।










