आगरा। एएनटीएफ और कमला नगर थाना पुलिस ने गाड़ी की बॉडी के अंदर 10 किलो चरस छिपाकर ले जा रहे दो तस्करों को देर रात गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई चरस की कीमत करीब एक करोड रुपए है। पूछताछ में दोनों ने बताया है कि वह पूर्व में भी पकड़े जा चुके हैं। तिहाड़ जेल में बंद रहे थे। जेल में बंद रहने के दौरान काफी कर्ज हो गया था। कर्ज उतारने के लिए उन्होंने दोबारा चरस तस्करी का काम शुरू किया। दोनों को जेल भेजा जा रहा है।
एएनटीएफ के इंस्पेक्टर हरविंदर मिश्रा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग कार से चरस ले जा रहे हैं। वह उनके पीछे लग गए। कुछ देर बाद सूचना आई की गाड़ी सुल्तानगंज की पुलिया की तरफ है। गाड़ी सवार फिरोजाबाद की तरफ जा रहे हैं। उन्होंने कमला नगर थानाध्यक्ष योगेश नागर को इस बात की सूचना दी। एएनटीएफ इंस्पेक्टर और कमला नगर थानाध्यक्ष ने गाड़ी को रोक लिया। गाड़ी के अंदर जब तलाशी ली गई तो गाड़ी के दरवाजे और बॉडी के अंदर अलग-अलग पैकेट में चरस रखी हुई थी। पूरी गाड़ी के अंदर से करीब 10 किलो चरस बरामद हुई जिसे देखकर पुलिस भी हैरान हो गई। दोनों तस्कर पुष्पा फिल्म को देखकर इस तरीके से तस्करी कर रहे थे। पकड़े गए दोनों तस्करों के नाम बलवीर सिंह निवासी पंजाब और धर्मवीर राणा निवासी हिमाचल प्रदेश हैं। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह इसे बेचने के लिए ले जा रहे थे। गाड़ी के अंदर जिस तरीके से उन्होंने चरस छिपा रखी थी उस तरीके को देखकर सभी लोग हैरान हो गए।











