आगरा। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर अब तक की उपलब्धियां गिनाने के लिए गुरुवार को आगरा के सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी आए। इसके साथ ही आयोजित प्रशासनिक समन्वय बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, संगठनात्मक गतिविधियों तथा आगामी जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाकर जनसामान्य को सरकार के कार्यों से अवगत कराएं।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल, सांसद एवं भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। नेताओं ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना विकास, किसान कल्याण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विस्तार को लेकर चर्चा की।
बैठक के दौरान भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने पार्टी के नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी से कराया। परिचयात्मक सत्र में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे अंत्योदय की भावना से प्रेरित होकर सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक घर तक पहुंचाएं तथा जनसंपर्क अभियान को प्रभावी बनाएं। बैठक में भाजपा संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक मजबूती और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, विधायक पक्षालिका सिंह, विधायक बाबूलाल चौधरी, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक छोटेलाल वर्मा, विधायक धर्मपाल सिंह, विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा तथा महापौर हेमलता दिवाकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।











