आगरा। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने आगरा सीट से सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। मंत्री ने आकाश अग्रवाल की तुलना वैश्या से कर दी। उन्होंने कहा कि आकाश पहले भाजपा से टिकट मांग रहे थे।
आगरा खंड शिक्षक पद पर सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल को लेकर मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने शुक्रवार को मीडिया के सामने कहा “वैश्या किसी सती पर आरोप लगाती है तो समझ जाइये कि कौन सही है और कौन गलत”। उन्होंने कहा कि आकाश अग्रवाल सिद्धांतविहीन व्यक्ति हैं, कल तक भाजपा से टिकट मांग रहे थे। अब सपा के पाले में बैठे हैं। मंत्री ने दावा कि भाजपा सभी एमएलसी सीटों पर चुनाव जीतेगी। दूसरी तरफ सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कांग्रेस सरकार के समय लगाए गए आपातकाल से भी ज्यादा स्थिति बदतर है। राज्य सरकार के निर्देशन पर प्रशासनिक मशीनरी एजेंट बनकर काम कर रही है। उनके मतदाताओं को धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि इस तरह का व्यवहार किया जा रहा है कि जैसे वह पाकिस्तान से आए हुए हैं और उनके मतदाता आतंकवादी हैं। उन्होंने सीधे-सीधे योगी आदित्यनाथ सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। उनका कहना है की राज्य सरकार के इशारे पर पूरी मशीनरी कार्य कर रही है। राज्य निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर भी आकाश अग्रवाल ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं।











