आगरा। शाहगंज में एक युवक का शव उसके घर में पड़ा मिला था। साले ने जीजा की हत्या होने का आरोप लगाया था। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार था। गुरुवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या किए जाने का खुलासा हुआ। हत्या का आरोप उसके छोटे भाई पर है। पुलिस उसे गिरफ्तार करने में जुटी हुई है।
मंगलवार को नरीपुरा में घर के अंदर दीपचंद नाम के युवक का शव मिला था। दीपचंद के पारिवारीजनों का कहना था कि उन्होंने आत्महत्या की है। इधर दीपचंद के साले ने आरोप लगाया था कि मृतक जीजा क छोटे भाई शनि के द्वारा उनकी हत्या की गई है। पुलिस के द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। पुलिस दो दिन से रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। इंस्पेक्टर शाहगंज आलोक कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। इसके बाद हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों भाई के बीच में पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। हो सकता है इसी बात को लेकर छोटे भाई ने हत्या की हो। गिरफ्तारी के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या क्यों की गई थी।











