आगरा। एत्माउद्दौला थाना क्षेत्र में एक पार्किंग ठेकेदार के गुर्गों पर बस चालक ने मारपीट करने और उनके सर पर धारदार हथियार से वार करने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने पीड़ित को तत्काल प्रभाव से मेडिकल के लिए भेजा है और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है।
बरहन के रहने वाले भूपेंद्र पुत्र धर्मेंद्र सिंह बस चालक हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार को दोपहर में पार्किंग ठेकेदार के गुर्गों ने उनसे 250 रुपये मांगे। उन्होंने कहा नगर निगम की तरफ से पार्किंग शुल्क 100 रुपये निश्चित है तो ढाई सौ रुपए क्यों? इस पर उनसे गाली गलौज शुरू कर दी गई उन्होंने विरोध किया तो उन्हें लाठी और डंडों से पीटा गया। इसके बाद एक धारदार हथियार से उनके सिर पर प्रहार कर दिया। इससे वह लहूलुहान हो गए। बस चालक के साथ मारपीट की सूचना जैसे ही यूनियन के पदाधिकारियों को मिली वह भी थाने पहुंच गए। उन्होंने कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्काल पीड़ित को मेडिकल के लिए भेजा और आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही। बताया जा रहा है आरोपियों को एक पार्षद का भी संरक्षण है।











