आगरा। जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में बीते दिनों हुई शिक्षक की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गर्लफ्रेंड को शिक्षक के साथ पिज्जा खाते देखकर प्रेमी को शिक्षक पर शक हुआ था कि वह उसे ब्लैकमेल कर रहा है। जब वह बात करने के लिए पहुंचा तो दोनों के बीच में झगड़ा हुआ। इसी दौरान गुस्से में मटन काटने वाले चाकू से प्रेमी निखिल ने शिक्षक ओम प्रकाश यादव का गला काट दिया। हत्या के बाद शिक्षक की स्कूटी से भाग गया था।
6 दिसंबर को आवास विकास कालोनी के सेक्टर तीन स्थित वीएस प्लाजा कोचिंग संचालक गणित के शिक्षक ओम प्रकाश यादव का शव मिला था। पुलिस ने शिक्षक के मोबाइल की काल डिटेल के आधार पर कोचिंग की एक पूर्व छात्रा से पूछताछ की। छात्रा ने पुलिस को बताया कि सर अच्छे थे, सभी को स्नेह करते थे। पुलिस ने काल डिटेल और मैसेज दिखाते हुए छात्रा से पूछा कि शिक्षक उसे लगातार काल और मैसेज क्यों करते थे? जिस पर छात्रा रोने लगी, उसने पुलिस को बताया कि शिक्षक ओम प्रकाश यादव उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। उन्होंने स्नैपचैट से उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो निकाल लिए थे। जिसे दिखाकर उसे ब्लैकमेल कर रहे थे। उसे अश्लील मैसेज करते थे। मैसेज को उसके पढ़ने के बाद डिलीट कर देते थे। शिक्षक की हरकतों से परेशान होकर पीछा छुड़ाना चाहती थी। इसी दौरान उसकी मित्रता शाहगंज के रहने वाले निखिल से हुई। उसने निखिल को शिक्षक द्वारा परेशान करने के बारे में बताया। निखिल ने शिक्षक को छात्रा से दूर रहने की धमकी दी। दो नवंबर को वह चाकू लेकर कोचिंग में शिक्षक को धमकाने आया था। शिक्षक ने उसे हड़का दिया, निखिल ने चाकू से प्रहार कर दिए। उनका गला काट दिया। इसके बाद ब्लैकबोर्ड पर ओपी यादव रेपिस्ट लिख दिया। शिक्षक की स्कूटी लेकर मौके से भाग गया था।
एडीसीपी मनोज कुमार ने बताया कि प्रकाश नगर निवासी निखिल ने शिक्षक ओपी यादव की हत्या की। निखिल की दोस्ती दिसंबर में उस छात्रा से हुई थी, जो पहले ओपी यादव की कोचिंग में पढ़ती थी। निखिल को शक था कि छात्रा और शिक्षक के बीच संबंध हैं। एक दिन निखिल ने दोनों को साथ में पिज्जा खाते हुए देख लिया था। इसके बाद, निखिल शिक्षक को समझाने और बात करने के इरादे से कोचिंग पहुंचा। कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ा और निखिल ने पहले से लाए गए मटन काटने वाले चाकू से शिक्षक की हत्या कर दी। खुलासे के दौरान एसीपी लोहा मंडी गौरव सिंह, इंस्पेक्टर अजय कुमार भी मौजूद रहे।











