आगरा। शुक्रवार को एमएलसी चुनाव के मतदान के दौरान फतेहाबाद में एक मतदान केंद्र पर हंगामा हो गया। सपाईयों ने आरोप लगाया भाजपा कार्यकर्ता बूथ के अंदर गए हैं। आरोप है कि बूथ के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने के बाद बैलेट पेपर पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में निशान लगाए गए। प्रशासनिक अधिकारियों के संज्ञान में जब यह मामला पहुंचा तो उन्होंने गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच कराना शुरू कर दिया है।
आरोप है कि मतदान केंद्र पर मौजूद सपा एजेंट हरदीप सिंह के साथ मारपीट कर उन्हें बाहर निकाल दिया गया। इस घटना के बाद बूथ के बाहर भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने भीड़ को वहां से खदेड़कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी अभिषेक अग्रवाल, एसीपी इमरान अहमद और एसडीएम स्वाति शर्मा भी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेकर स्थिति की जानकारी ली। घटना के बाद मतदान केंद्र पर तनाव का माहौल बना रहा। सपा का आरोप है कि जहां भाजपा के एजेंटों को मतदान केंद्रों के नजदीक बैठने दिया गया, वहीं समाजवादी पार्टी के एजेंटों को निर्धारित 200 मीटर की दूरी से भी काफी आगे बैठने के लिए मजबूर किया गया। फतेहाबाद ब्लाक पर यही देखने को मिला। भाजपा का बस्ता जहां मतदान केंद्र से 50 मीटर दूर पर था, वहीं सपा के कार्यकर्ताओं को हटाकर 200 मीटर दूर कर दिया गया। इधर सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल मंडलायुक्त से कुछ बूथों की शिकायत करने के लिए पहुंचे। मंडलायुक्त ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट को भेजा है।











