आगरा। देर रात नगला पदी के चारखंभा क्षेत्र में रंगबाजी का एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद के बाद दबंगों ने सरेआम हिंसा और फायरिंग कर दहशत फैला दी।
वेज बिरयानी की ठेल लगाने वाले राहुल का इलाके में रहने वाले दबंग युवक अजीत से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद शांत होता, इससे पहले ही शनिवार को अजीत अपने कई साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंचा और राहुल को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से राहुल की पिटाई की, इसके बाद अजीत ने पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहुल किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला, जिससे उसकी जान बच सकी। फायरिंग के बाद आरोपी हवा में असलहे लहराते हुए फरार हो गए। घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजीत का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वह कई वर्ष पूर्व हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में रिहा होकर बाहर आया था। रिहाई के बाद से ही इलाके में उसकी दबंगई फिर से सिर उठाने लगी है।











