आगरा। मंगलवार देर रात एक शादी में से लौट रहे कांग्रेस नेता उमाशंकर उपाध्याय और उनके बड़े भाई शिवशंकर पर फायरिंग की गई। इसमें उमाशंकर उपाध्याय के कंधे में और शिवशंकर के पेट में दो गोली लगी हैं। मौके पर पहुंची बासौनी पुलिस ने दोनों घायलों को बाह सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से एसएन मेडिकल कालेज भेज दिया गया।
बासोनी के उमरैठा गांव के रहने वाले उमाशंकर उपाध्याय आगरा में रहते हैं। वह अपने भाई के साथ गांव में शादी के एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से निकलते ही रंजिशन उन पर फायरिंग शुरू हो गई। गोलियां चलने से अफरा तफरी फैल गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है दो हमलावर को घायलों ने पहचान लिया है। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।











