आगरा। खंदौली थाना क्षेत्र में गुरुवार को तीन सालों ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर जीजा का अपहरण कर लिया। उनके हाथ पैर बांधकर और मुंह में कपड़ा ठूंस कर गाड़ी की डिग्गी में डाल दिया। ग्रामीणों ने पीछा करके पुलिस के साथ मिलकर डिग्गी में से उन्हें मुक्त कराया।
हरदेव सिंह खेरिया गांव में रहते हैं। उनकी ससुराल सादाबाद में है। 25 साल पहले उनकी लक्ष्मी से शादी हुई थी। दो दिन पहले लक्ष्मी किसी बात पर नाराज होकर मायके चली गई थी। उन्होंने घर में जाकर अपने पति की भाइयों से शिकायत की। गुरुवार को उनके तीनों भाई अपने दो साथियों के साथ जीजा को सबक सिखाने के लिए उनके गांव पहुंच गए। वह घर के बाहर मंदिर में पूजा कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां पहुंचते ही उन्हें पीटना शुरू कर दिया और उसके बाद उनके हाथ पैर रस्सी से बांध दिए और जबरन गाड़ी की डिग्गी में डाल दिया। परिजनों के शोर मचाने पर ग्रामीणों ने गाड़ी का पीछा किया। पुलिस को भी सूचना दे दी। पांच किलोमीटर दूर खंदौली पुलिस चौकी के पास पुलिस ने कार को रोक लिया। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर उन्हें गाड़ी में से मुक्त कराया। किसान हरदेव का कहना है कि उनके साले उनकी संपत्ति को हड़पना चाहते हैं।











