आगरा। शाहजहां गार्डन के पास से किडनैप होने वाली चार साल की बच्ची को किडनैप करने वाले आरोपी ने दिल्ली में एक महिला को बेच दिया था। पुलिस ने उसे वहीं से बरामद किया। साथ ही आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। अभी तक की पूछताछ में यह सामने आया है कि वह बच्चों को किडनैप कर बेचने का कार्य करता है। पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
पुरानी मंडी के रहने वाले मोनू की चार साल की बेटी बुधवार दोपहर में अपने दादा के साथ शाहजहां गार्डन में खेलने गई थी। वह खेलते-खेलते कही चली गई। सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो उसमें एक युवक उसे हाथ पकड़कर ले जाते दिखा। करीब 10 टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगाई गईं। कैमरे के माध्यम से पता चला कि आरोपी बच्ची को ट्रेन से दिल्ली ले गया है। वहां पर पुलिस ने बच्ची का फोटो दिखाकर लोगों से पूछताछ की। एक व्यक्ति ने पुलिस को बता दिया की बच्ची उस घर में महिला के पास में है। इसके बाद पुलिस ने बच्ची को महिला के घर से बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि महाराष्ट्र का रहने वाला शोएब बच्ची को दे गया था। महिला के कोई संतान नहीं थी। पुलिस ने शोएब को भी उसके दोस्त के यहां से गिरफ्तार कर लिया था। शोएब ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह ताजमहल देखने के लिए आया था। बच्ची उसे अकेली खेलती हुई मिली। इसलिए वह उसे किडनैप करके ले गया था। इधर बच्ची जब अपने परिजनों से मिली तो उसके परिजन उससे लिपट गए उनके चेहरे पर खुशी का ठिकाना नहीं था।











