आगरा। पांच दिवसीय दीपोत्सव कल धनतेरस से शुरू हो रहा है। धनतेरस को लेकर शहर के बाजारों और शोरूमों में उत्सव की रौनक चरम पर है। ज्वेलरी शोरूम्स, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और वाहनों तक हर सेक्टर में ग्राहकों की भीड़ उमड़ने वाली है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजाया हुआ है। रंग-बिरंगी रोशनी से बाजार और शोरूम जगमगा रहे हैं, जबकि आकर्षक ऑफर और छूट ने खरीदारों को उत्साहित कर रखा है। व्यापारियों का मानना है कि कोरोना के बाद लगातार दो साल अच्छे कारोबार के बाद इस बार तीसरे साल रिकॉर्ड बिक्री की उम्मीद है।
धनतेरस पर सोना-चांदी की खरीदारी को शुभ माना जाता है। सुभाष बाजार, किनारी बाजार, राजामंडी और संजय प्लेस स्थित ज्वेलरी शोरूमों में नए डिज़ाइन और आकर्षक कलेक्शन पेश किये गये हैं। बर्तन और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए राजामंडी, शाहगंज और बेलनगंज में ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ धनतेरस के दिन उमड़ने की उम्मीद कारोबारी लगाए हुए हैं। स्टील, तांबे, पीतल और कांसे के बर्तन, थाली, किचन सेट और पूजा सामग्री हर बजट के अनुसार उपलब्ध हैं। इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम की बात करें तो मिक्सर, कुकर, फ्रिज, टीवी और एसी पर कैशबैक और फेस्टिव डिस्काउंट की पेशकश ग्राहकों को आकर्षित कर रही है। इधर धनतेरस पर वाहन को घर लाना भी शुभ माना जाता है। फतेहाबाद रोड और बाईपास रोड स्थित टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर शोरूमों में बुकिंग का सिलसिला तो पहले से ही चला आ रहा था। कल बड़ी संख्या में लोग अपनी गाड़ियों की डिलीवरी लेंगे। डीलरों का कहना है कि कई मॉडल की प्री-बुकिंग पहले से हो चुकी है और कुछ डिलीवरी धनतेरस पर ही दी जाएगी। ग्राहकों को आकर्षक फाइनेंस स्कीम, मुफ्त एक्सेसरीज और 0% ब्याज का विकल्प दिया जा रहा है।











