लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र चल रहा है। यूपी सरकार जहां अपनी उपलब्धियों को गिना रही है तो वहीं विपक्ष सरकार पर हमलावार हो रहा है। इसी बीच विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने शुक्रवार को चेतावनी दी कि अगर सदन की कार्यवाही के दौरान किसी के मोबाइल फोन की घंटी बजी तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नकाल के दौरान दो बार किसी सदस्य के मोबाइल फोन की घंटी बजी। विधानसभा अध्यक्ष ने घंटी बजने के बाद चेतावनी दी कि यह ठीक नहीं है।
शुक्रवार को विधानसभा का प्रश्नकाल चल रहा था, तभी किसी की फोन की घंटी बजी। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि अब अगर किसी की घंटी बजी तो मोबाइल फोन जब्त कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान सदस्य अपने मोबाइल स्विच आॅफ रखें। इससे पहले यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव की तारीफ की तो अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि अभी तक तो मेरे चाचा थे, लेकिन अब उन्हें चाचा बोल रहे हैं। नेता सदन (योगी) ने हमारे चाचा की चिंता की। इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने चुटकी लेते हुए कहा कि चाचा के बारे में स्पष्टीकरण मत पूछिए कि वे किसके हैं।
प्रसपा प्रमुख और जसवंतनगर से विधायक शिवपाल यादव ने गुरुवार को कहा था कि सीएम योगी संत हैं, और संत के साथ साथ योगी भी हैं। और योग का मतलब है सबको जोड़ना और अगर सबको जोड़ लिए होते। वैसे मैने मुख्यमंत्री की कई बार तारीफ की है। मुख्यमंत्री ईमानदार हैं, मेहनती हैं। इसके साथ-साथ वे उत्तर प्रदेश को ऊंचाइयों तक ले जाना चाहते हैं, लेकिन यहीं मैं कहना चाहता हूं कि अकेले उत्तर प्रदेश उन ऊंचाइयों पर नहीं पहुंचाया जा सकता है, चाहे सत्ता पक्ष के लोग हों चाहें विपक्ष के लोग हों उनका भी साथ लेना पड़ेगा।










