आगरा। आगरा के ब्लॉक सैयां के वार्ड नंबर 35 पर मंगलवार को शांतिपूर्ण तरीके से मतदान हुआ। मतदान के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था काफी पुख्ता रही। पुलिस अपर आयुक्त भी राउंड पर रहे।
वार्ड नंबर 35 में जिला पंचायत सदस्य अनु त्यागी के निधन से रिक्त पद होने पर मंगलवार 6 अगस्त को 66 बूथों पर मतदान हुआ। 38306 मतदाताओं में से कुल 15901 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला प्रशासन और पुलिस बल ने उप चुनाव के लिए पूरी तैयारी के साथ सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर रखीं थीं। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए चप्पे चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया था। त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव में 5 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे, जिनकी किस्मत का फैसला मंगलवार को वार्ड के कुल 38306 मतदाताओं में से कुल 15901 मतदाताओं ने मतदान करके मतपेटिका में बंद कर दिया। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक हुआ। एसडीएम खेरागढ़ संदीप यादव ने बताया कि सभी पोलिंग पार्टियां बूथों से चुनाव संपन्न कराने के बाद सुरक्षित ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंच गई हैं। एसीपी शमसाबाद गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि शांतिप्रिय और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
उप चुनाव में बंदी के बावजूद भी ठेका खुला
आगरा। इरादत नगर थाना क्षेत्र के गांव महदेवा में त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के दौरान चुनाव क्षेत्र में जिला प्रशासन ने शराब की दुकानों की बंदी के आदेश दिए थे। इसके बावजूद गांव महदेवा में ठंडी बियर का ठेका खुला पाया गया। किसी व्यक्ति ने बीयर की खुली दुकान का फोटो खींचकर शोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। फोटो में एक युवक दुकान के चैनल के अंदर खड़ा हुआ दिखाई दे रहा है।












