आगरा। बुधवार को आगरा में समाजवादी पार्टी ने घरेलू गैस सिलिंडर के संकट के विरोध में कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। सपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सिर पर खाली सिलिंडर और चूल्हा लेकर कलक्ट्रेट पहुंचीं। वहां चूल्हा जलाकर उन्होंने रोटियां बनाईं।
सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पहुंचे। चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं। महिला सभा की जिलाध्यक्ष कुसुम लता यादव ने कहा कि भाजपा सरकार यह दावा कर रही है कि गैस की कोई समस्या नहीं है। महिलाओं को घंटों लाइन में लगने के बावजूद गैस नहीं मिल पा रही है। गैस सिलिंडर दो हजार रुपये ब्लैक में बेचा जा रहा है। ममता टपलू ने कहा कि रसोई गैस सिलिंडर की किल्लत से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। बढ़ती महंगाई से पहले ही घर-गृहस्थी चलाना मुश्किल था, गैस सिलिंडर की किल्लत ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। सपा जिलाध्यक्ष ऊदल सिंह कुशवाहा ने कहा कि भाजपा की उज्ज्वला योजना पूरी तरह विफल हो चुकी है और आज महिलाएं गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।











