आगरा। आगरा कमिश्नरेट में रिश्वत लिए जाने और रिश्वत मांगे जाने के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो इरादत नगर थाने के दरोगा और दूसरा अछनेरा थाने के एसएसआई का बताया जा रहा है। इरादत नगर थाने के दरोगा ने चार नाम निकालने के लिए 20 लाख रुपए की रिश्वत मांगी है तो वही अछनेरा थाने के एसएसआई डायरी के अंदर पैसे देते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस अंदाज में रिश्वत ली गई है उसे देखकर बच्चा भी बता देगा कि पैसे दिए गए हैं। इधर पुलिस कमिश्नर के द्वारा इरादत नगर थाने के दरोगा को निलंबित कर दिया गया है।
जो दो वीडियो वायरल हो रहे हैं उनमें पहला वीडियो का जिक्र करें तो वह इरादत नगर थाने के दरोगा मानवेंद्र गंगवार का है। बताया जा रहा है थाने में जयप्रकाश, गजेंद्र, नगेंद्र, सत्यवीर और वातेन्द्र के खिलाफ एक मकदमा दर्ज हुआ था। नगेंद्र पूर्व सैनिक है और पाकिस्तान से जंग भी लड़ चुका है। उसने अधिकारियों से शिकायत कर कहा था कि जो मुकदमा दर्ज हुआ है उसकी विवेचना दरोगा मानवेंद्र गंगवार द्वारा की जा रही है। दरोगा ने लोगों के नाम निकालने के लिए पांच लाख प्रति व्यक्ति की मांग की है। वीडियो में वह पैसे मांगते हुए भी दिखाई दे रहा है। आरोप है कि कई बार उसे रुपए की मांग के लिए बुलाया गया। जल्दी रुपए का इंतजाम करने की बात भी कही गई। पुलिस कमिश्नर के द्वारा वीडियो संज्ञान में आने के बाद दरोगा को निलंबित कर दिया गया है। दूसरी ओर अछनेरा थाने का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एसएसआई जितेंद्र यादव थाने के अंदर बैठे हुए हैं। उनके सामने तीन व्यक्ति बैठे हुए हैं एक व्यक्ति दूसरे व्यक्ति को टेबल के नीचे से कुछ देता है। यह व्यक्ति धीरे से उसे दरोगा की डायरी में रखकर उसे दे देता है। दरोगा डायरी में से दी हुई चीज निकालकर धीरे से अपनी जेब में रख लेता है। वीडियो को देखकर प्रथम दृष्टा रिश्वत लिए जाना ही प्रतीत हो रहा है। अगर कोई गलत चीज नहीं ली थी तो खुलकर क्यों नहीं ली गई? यह वीडियो भी अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया है। मामले की जांच की जा रही है। वीडियो में दरोगा गरम वर्दी पहन रहा है। हाल ही में पुलिस की वर्दी में बदलाव हुआ है। इसलिए वीडियो कुछ दिन पुराना हो सकता है।










