आगरा। डूडा के आवास निर्माण में घोटाला हुआ है। यह केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और सांसद राजकुमार चाहर ने बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति की बैठक में कहा। दोनों के द्वारा घोटाले पर नाराजगी जाहिर की गई। सांसद चाहर के तेवर ज्यादा गरम दिखाई दिए। वह बोले भ्रष्टाचारियों को छोडूंगा नहीं।
बता दें कि वर्ष 2022 में नराइच में डूडा के अंतर्गत 3640 आवासों का निर्माण कराया गया था। इसमें घोटाला हुआ है। बैठक में मंत्री और सांसद ने कहा पीएम आवास योजना के तहत बनवाए गए भवनों की गुणवत्ता पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि आईआईटी रुड़की की जांच में यह भवन पहले ही फेल हो चुके हैं। बिल्डर ने बड़ा घोटाला किया है। एडीए की भी लापरवाही उजागर हुई है। इसलिए भ्रष्टाचारियों पर बड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि शासन को एक आईएएस अधिकारी की अध्यक्षता में टेक्निकल टीम के साथ उच्च स्तरीय जांच के लिए पत्र लिखा जाएगा। संबंधित कार्यदाई संस्था तथा एडीए के अधिकारियों की भूमिका की जांच होगी। बैठक में यह भी तय किया गया कि टोरेंट पावर द्वारा डीवीवीएनएल का बकाया नहीं वसूला जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल आदि मौजूद रहे।











