आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र से एक युवक का कुछ लोग अपहरण करके ले गए थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने युवक को बरामद कर लिया है। इसके साथ ही दो अपहरणकर्ता भी पकड़े हैं। बेटे के वापस आने के बाद मां ने इंस्पेक्टर सिकंदरा का धन्यवाद किया है।
अरसैना की रहने वाली एक महिला ने सूचना दी थी कि गांव के ही मूला, राजू, संजय, जीतू आदि उसके बेटे के साथ मारपीट करते हुए गाड़ी से अपहरण करके ले गए हैं। इंस्पेक्टर सिकंदरा नीरज शर्मा ने अपहरण की घटना को गंभीरता से लिया। इंस्पेक्टर सिकंदरा और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर पनवारी के पास एक खंडहर से युवक को 12 घंटे के अंदर बरामद कर लिया। दो अपहरणकर्ता भी पकड़े हैं। उनके नाम मूला और संजय हैं। अपहरण होने वाले युवक ने पुलिस को बताया जो लोग उसे गाड़ी में डालकर ले गए थे उन्होंने उसके साथ मारपीट की। युवक को सकुशल बरामद करने वाली टीम में उप निरीक्षक कुंवर पाल सिंह, अंडर ट्रेनी दरोगा विक्रम सिंह, रामसुंदर शुभम कुमार, हेड कांस्टेबल ललितेंद्र आदि शामिल हैं।











