आगरा। हरीपर्वत थाना क्षेत्र में भाजपा नेता को गोली मारने वाले हमलावरों के साथ थाना पुलिस और एसओजी की मुठभेड़ हो गई। इसमें दो को गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के खुलासे के लिए अधिकारियों ने इंस्पेक्टर हरीपर्वत सहित उनकी पूरी टीम की पीठ थपथपाई है।
बता दें की 16 अगस्त को विजयनगर में रहने वाले भाजपा नेता राकेश कुशवाहा को तीन बदमाशों के द्वारा गोली मारी गई थी। दिनदहाड़े बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए थे। गोली राकेश कुशवाहा के बाजू और पेट में लगी थी। पुलिस ने उन्हें घायल हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया था। इसके बाद पुलिस हमलावरों को पकड़ने के लिए जुटी हुई थी। देर रात इंस्पेक्टर हरीपर्वत अरविंद कुमार को सूचना मिली की गोली मारने वाले हमलावर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले हैं। सूचना पर वह थाना पुलिस और एसओजी टीम के साथ उन्हें पकड़ने के लिए पहुंच गए। पुलिस को देखते ही हमलावरों ने उनके ऊपर फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी फायरिंग में दो हमलावरों के गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया है कि राकेश की बहन हेमलता और उनके पति राम कुमार ने हत्या की सुपारी दी थी। 6 लाख में हत्या की सुपारी दी गई थी। इसमें 50 हजार एडवांस दिए गए थे। इसके अलावा एक नई मोटरसाइकिल और तमंचा दिया गया था। इसी मोटरसाइकिल से हमलावर घटना को अंजाम देने के लिए आए थे। पकड़े गए हमलावरों के नाम सनी पुत्र अरविंद, कृष्णा उर्फ कन्हैया पुत्र हरनाम सिंह, शिवा पुत्र सरमन सिंह निवासी हाथरस हैं। राकेश कुशवाहा के पिता मथुरा प्रसाद की भी हत्या हुई थी। हत्या में दो बहनों का हाथ था। प्रॉपर्टी को लेकर लंबे समय से घर में विवाद चल रहा है जिस वजह से आपस में ही सब लोग एक दूसरे के दुश्मन बने हुए हैं। हमलावरों को गिरफ्तार करने वाली टीम में इंस्पेक्टर हरीपर्वत अरविंद कुमार चौकी प्रभारी विजयनगर मोहित कुमार, चौकी प्रभारी खंदारी राजकुमार बालियान, चौकी प्रभारी देहली गेट निशामक त्यागी, हेड कांस्टेबल गौतम चौधरी आदि शामिल रहे।












