आगरा। मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा पर भीषण सड़क हादसे में दो सगी बहनों की मौत हो गई। वहीं पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मंगलवार सुबह दिल्ली से आगरा की ओर एक एसयूवी कार आ रही थी। बताया जा रहा है चालक ने आगे चल रही वैगनआर कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वैगनआर सवार दो सगी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद कर्मचारियों और गार्डों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और एक्सप्रेसवे की एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। जानकारी करने पर पता चला दिल्ली के संगम विहार और जैतपुर क्षेत्र का एक परिवार वैगनआर कार से अपने गांव मैनपुरी जा रहा था। हादसे में जिन दो लोगों की मौत हुई उनमें 36 वर्षीय रिहाना बेगम उर्फ रानी, पत्नी शाकित अली निवासी गुप्ता कॉलोनी, पुष्पा भवन, संगम विहार, दिल्ली तथा उनकी बड़ी बहन 42 वर्षीय अफसाना बेगम, पत्नी अफसर अली निवासी सौरभ विहार, जैतपुर, दिल्ली शामिल हैं। वहीं कार में सवार बच्चों समेत अन्य लोग घायल हो गए।











