आगरा। बीती रात ताजगंज और जगदीशपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस की दो आरोपियों से मुठभेड़ हुई। जगदीशपुरा में एक बच्चे के साथ कुकर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसे 48 घंटे के अंदर ही पकड़ लिया गया। वही ताजगंज पुलिस ने भी हत्या के एक आरोपी को पकड़ा। दोनों के पैर में गोली लगी है।
एसीपी हरीपर्वत विनायक भोंसले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक आरोपी आगरा से बाहर भागने की फिराक में है। बिचपुरी रोड के पास सघन चेकिंग के दौरान उसे घेरा, तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। चेतावनी के बावजूद वह नहीं रुका तो पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। आरोपी का नाम बबलू पुत्र बांकेलाल निवासी दरगाह वाली गली जगदीशपुरा था। दूसरी ओर ताजगंज में बिलाल हत्याकांड के आरोपी फरमान से भी पुलिस की मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली थी वह नौफरी जंगल क्षेत्र में कहीं छिपा है और फरारी की तैयारी में है। मंगलवार तड़के जब पुलिस की टीम सघन चेकिंग कर रही थी, तभी फरमान ने खुद को घिरता देख फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई जो उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह घटना 20 जून की रात की है, जब ताजगंज क्षेत्र के जोनल पार्क के पास एक युवक का गला रेता हुआ शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान बिलाल के रूप में हुई, जो जगदीशपुरा क्षेत्र का रहने वाला था।










