आगरा। ताजगंज थाना क्षेत्र में नगला पेमा रोड पर मंगलवार को एक बंद मकान से महिला का शव मिला। महिला के सिर पर चोट के निशान थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच पड़ताल में जुट गई है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 7 बजे पुलिस को बंद मकान में संदिग्ध परिस्थिति की सूचना मिली थी। ताजगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई, लेकिन घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया। टीम के आने तक मकान का ताला नहीं खोला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब तीन घंटे तक पुलिस और स्थानीय लोग फील्ड यूनिट का इंतजार करते रहे। इसके बाद टीम के पहुंचने पर विधिवत तरीके से ताला खुलवाया गया और अंदर महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पुलिस ने पूरे मकान को सील कर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से आवश्यक नमूने और अन्य अहम साक्ष्य जुटाए हैं। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल हत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के बाद परिजन घर पर ताला लगाकर क्यों चले गए। पति की भूमिका भी जांच के दायरे में है और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।











