आगरा। आगरा में पेठा इकाइयों को कालिंदी विहार में शिफ्ट करने के लिए कमिश्नर अमित गुप्ता ने सोमवार को बुलाई गई बैठक में कड़े निर्देश दिए हैं।
बता दें कि आगरा में घनी आबादी के बीच में कई पेठा इकाइयां संचालित हैं। पूर्व में इनको कालिंदी विहार में शिफ्ट करने के लिए कहा गया है, लेकिन इस आदेश को कोई भी नहीं मान रहा है। सोमवार को कमिश्नर अमित गुप्ता ने कमिश्नर सभागार में आगरा के सभी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ में बैठक की। बैठक में उन्होंने कहा कि अवैध पेठा इकाइयों की सीलिंग और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को तेज किया जाए।
कमिश्नर ने यमुना किनारा मार्ग पर संचालित ट्रांसपोर्ट एजेंसियों के वाहन के मामले में भी सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि इन एजेंसियों के वाहन किसी स्थिति में सड़क किनारे खड़े नहीं होने दिए जाएं। सड़क पर खड़े वाहनों पर एक्शन लिया जाए। यमुना किनारा स्थित ट्रांसपोर्ट कारोबारियों के बिन्दु पर आरटीओ ने अवगत कराया कि जीएसटी विभाग में पंजीकृत 348 ट्रांसपोर्ट एजेंसियों की सूची के परीक्षण के बाद पाया गया कि 33 ट्रांसपोर्ट एजेंसियां यमुना किनारा मार्ग पर अभी भी संचालित हैं।











