आगरा। पर्यटकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अब उन्हें भटकना नहीं पड़ेगा। ताजमहल से बुलंद दरवाजा तक बस से निहार सकेंगे। शनिवार से होप ऑन, होप ऑफ बस सेवा शुरू हो गई।
आई लव सेल्फी प्वाइंट पर मंडलायुक्त रितु माहेश्वरी ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बसों को हरी झंडी दिखाकर स्मारकों के लिए रवाना किया। होप ऑन, होप ऑफ बस सेवा में पहले दिन शनिवार को टिकट में 50 रुपये की छूट मिली। करीब 50 से अधिक पर्यटकों ने पहले दिन सफर किया। चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर अभय सिंह ने बताया कि सूर्योदय से सूर्यास्त तक बसों का संचालन होगा। पहले चरण में पांच बस सेवा देंगी। पहला रूट आगरा कैंट से शिल्पग्राम, ताजमहल, एत्माद्दौला, सिकंदरा, गुरुद्वारा होते हुए आईएसबीटी और फिर कैंट स्टेशन पर समाप्त होगा। इसके लिए 250 रुपया प्रति पर्यटक टिकट है। दूसरा रूट कैंट स्टेशन से शिल्पग्राम, एत्माद्दौला, सिकंदरा होते हुए फतेहपुर सीकरी स्थित बुलंद दरवाजा तक रहेगा। इसके लिए 350 रुपये टिकट है। पहले दिन दोनों रूट की टिकट पर 50-50 रुपये की छूट दी गई। एक बस में 28 पर्यटक सफर कर सकेंगे। एक-एक घंटे के अंतराल पर बस संचालित होंगी।











