आगरा। कोतवाली क्षेत्र स्थित मन:कामेश्वर मंदिर वाली गली में सोमवार को पूजा सामग्री की दुकान में आग लग गई। धुआं देखकर दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। उन्होंने आग को काबू करने का प्रयास किया। सूचना पर पुलिस भी पहुंची। 30 मिनट में आग पर काबू किया जा सका।
सूरजभान फाटक, बेलनगंज निवासी जगदीश मिश्रा की कोतवाली स्थित मन:कामेश्वर मंदिर वाली गली में अंबिका पूजनालय के नाम से दुकान है। जगदीश ने पुलिस को बताया कि बाजार में गंगा मार्केट की चौथी मंजिल पर गोदाम बना रखा है। इसमें पूजा की सामान और पोशाक रखीं थीं। सोमवार शाम तकरीबन 5 बजे लोगों ने गोदाम से धुआं निकलता देखा। इस पर लोग जुट गए। मार्केट में 2 दर्जन से अधिक दुकान हैं। आसपास संकरी गली में पूरा बाजार है। इससे हड़कंप मच गया। सूचना पर कोतवाली और मंटोला थाना की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने लोगों की मदद से पानी का पाइप लगाया। इसके बाद गोदाम का दरवाजा खोलकर पानी डाला गया। वहीं फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से 30 मिनट में आग पर काबू कर लिया गया।











