आगरा। खेरागढ़ थाना पुलिस की देर रात ट्रांसफार्मर से तार और तेल चोरी करने वाले गिरोह से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए। पुलिस ने उनके अन्य तीन साथियों को भी दबोचा है।
एसीपी इमरान अहमद ने बताया कि सोमवार देर रात गश्त के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कागारौल रोड से भाकर मार्ग को जोड़ने वाली लिंक रोड पर एक संदिग्ध मैक्स वाहन जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया तो उसमें बैठे बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मुठभेड़ में दो बदमाश साहूकार और दीवान सिंह के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए आगरा जिला अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में शिशुपाल उर्फ चंगो (निवासी हिरोड़ा, थाना सैंया), महेश (निवासी कुतकपुर, थाना शमसाबाद) और अजीत (निवासी नगला हरगोविंद जॉनरी, थाना फतेहपुर सीकरी) शामिल हैं। इनके पास से चोरी किया गया तांबा तार और एक मैक्स गाड़ी बरामद की गई है।











