आगरा। खंदौली में दो भाइयों की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। अन्य लोगों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं।
बता दें कि आठ दिन पहले खेत से ट्रैक्टर निकालने और जमीन की रंजिश में पुरालोधी गांव में बेताल सिंह पक्ष ने मिलकर दो भाइयों रघुवीर और सत्यप्रकाश की फावड़े से हमला कर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक रघुवीर सिंह के भाई अनिल कुमार ने इन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से आरोपी फरार थे। थाना प्रभारी ने बताया कि खंदौली यमुना एक्सप्रेसवे इंटरचेंज के पास हत्यारों के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ा। इनकी निशानदेही पर कुल्हाड़ी, दरांती और फावड़े को नादउ के समीप झाड़ियों से बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों में बेताल सिंह, सत्यप्रकाश उर्फ छोटा, सतेंद्र और बेताल की पत्नी शामिल हैं।











