आगरा। एत्माउद्दौला थाने के सामने तीन दिन पहले नर्सरी में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दो हत्यारोपियों को पकड़ हत्या का खुलासा कर दिया है। हत्या मृतक के दोस्तों ने ही की थी।
शनिवार को नर्सरी के अंदर सुबह एक युवक का लहूलुहान हालात में शव मिला था। मृतक की शिनाख्त सोबरन सिंह निवासी हाथरस के रूप में हुई थी। वह नमक की मंडी में चांदी कारीगर था। पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी थी। डीसीपी सिटी सूरज राय ने बताया जांच के दौरान सीसीटीवी कैमरे देखकर पता चला मृतक जिस मोटरसाइकिल पर चल रहा था उसके पीछे स्कूटी पर दो लोग उसका पीछा कर रहे थे। दोनों को पकड़कर पूछताछ की गई तो उन्होंने अपने नाम तनवीर और मोइन बताए। उन्होंने बताया कि सोबरन सिंह जहां नौकरी करता था वहां से वह चांदी चुराता था। इस चांदी को तनवीर और मोहन खरीदते थे। कुछ समय से उसने दोनों को चांदी देना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर उन्होंने उसका पीछा किया। थाने के सामने उसे रोककर इंटरलॉकिंग पत्थर से सिर में प्रहार करके उसकी हत्या कर दी। खुलासे के दौरान एसीपी छत्ता हेमंत कुमार, इंस्पेक्टर एत्माउद्दौला राजेंद्र त्यागी भी मौजूद रहे।











