नई दिल्ली/आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन का कहना है कि वक्फ (संशोधन) विधेयक, देश में पारदर्शिता, न्याय और सुशासन को बढ़ावा देगा। मुसलमानों में अहमदिया, बरेलवी जैसे पिछड़े, अति पिछड़े बंधुओं की प्रगति का मार्ग प्रशस्त होगा। वक्फ के नाम पर सरकारी ही नहीं मुसलमानों की संपत्तियों पर भी अवैध कब्जा कर रखा है, जो अब नहीं रहेगा। इसी कारण कुछ लोगों को दिक्कत हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को इस क्रांतिकारी और ऐतिहासिक सुधार के लिए बधाई एवं धन्यवाद है।
श्री जैन ने बताया कि असली मुस्लिम संशोधन के समर्थन में हैं। यही कारण है कि वक्फ संशोधन का कोई सार्वजनिक विरोध नहीं हो रहा है। धारा 370 हटाने पर भी कोई विरोध नहीं हुआ था। स्पष्ट है कि आम मुस्लिम वक्फ में संशोधन चाहता है। यही कारण है कि सरकार संशोधन बिल लेकर आई है और राज्यसभा में भी पारित होगा।श्री जैन ने बताया कि इस संशोधन के माध्यम से वक्फ संपत्तियों पर एकाधिकार समाप्त होगा और इनका वास्तविक एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह विधेयक अवैध कब्जों पर रोक लगाएगा, जिससे सरकारी भूमि पर अतिक्रमण कर इसे वक्फ संपत्ति घोषित करने की प्रवृत्ति समाप्त होगी। इससे गरीब मुस्लिम समुदाय को वास्तविक लाभ मिलेगा और उनके सामाजिक व आर्थिक उत्थान का मार्ग प्रशस्त होगा।
सांसद नवीन जैन ने बताया कि यह विधेयक यह सुनिश्चित करेगा कि वक्फ संपत्तियों का उपयोग केवल धार्मिक और जनहितकारी कार्यों में हो, न कि कुछ गिने-चुने व्यक्तियों के स्वार्थ की पूर्ति के लिए। इस संशोधन से पारदर्शिता बढ़ेगी, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा और वास्तविक जरूरतमंद मुस्लिमों को उनके अधिकार मिल सकेंगे।श्री जैन ने कहा कि यह विधेयक सभी धर्मों के बीच समानता और न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह “सबका साथ, सबका विकास” की नीति को सशक्त करेगा और देश के समग्र विकास में सहायक सिद्ध होगा।











