आगरा। एत्माउद्दौला थाने में नौ लोगों के खिलाफ दर्ज हुए गैंगस्टर के मुकदमे में गैंग लीडर को सोमवार को थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य की तलाश जारी है।
गढ़ी चांदनी यमुनापार क्षेत्र में रहने वाला जितेंद्र कुशवाह ने साल 2023 में थाना क्षेत्र के एक मंदिर में नवरात्रों के दौरान गाय का मांस फेंककर दहशत फैलाई थी। जिसका सीसीटीवी फुटेज से खुलासा हुआ था। इस मामले में जितेंद्र के साथ संजय जाट निवासी मुस्तफा क्वाटर्स थाना सदर, ब्रजेश भदौरिया निवासी देवरी रोड थाना सदर, सौरभ शर्मा निवासी अलबतिया थाना जगदीशपुरा, शानू कुरैशी निवासी सैयदपाड़ा थाना लोहामंडी, इमरान कुरैशी आलमगंज थाना लोहामंडी, शहनवाज निवासी अलबतिया रोड थाना जगदीशपुरा, नदीम निवासी सैयदपाड़ा लोहामंडी और शानू निवासी मुरली नगर लोहामंडी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ था। ये सभी बदमाश सुनियोजित तरीके से गैंग बनाकर समाज में भय पैदा करते थे। इसके बाद लोगों से वसूली करते हैं। इंस्पेक्टर देवेंद्र दुबे ने इनके खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद गैंग लीडर जितेंद्र कुशवाहा की भी उन्होंने गिरफ्तारी कर ली है। अधिकारियों ने उनकी पीठ थपथपाई है।











