आगरा। आगरा में तैनात एक पीसीएस अफसर की आज सुबह आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर सड़क हादसे में मौत हो गई है। वह अपनी क्रेटा कार से आगरा आ रहे थे। पीछे से आई रोडवेज बस ने ओवरटेक कर कट मार दिया, जिससे कार का बोनट पिछले हिस्से में टकराकर बस में घुस गया।
पीसीएस राजेश जायसवाल आगरा में एसीएम पद पर तैनात थे। वह किरावली में एसडीएम भी रहे हैं। वह मूल रूप से देवरिया के रहने वाले थे। परिवार लखनऊ में रहता है। किसी काम के सिलसिले में लखनऊ गए थे। आज सुबह वह लखनऊ से आगरा आ रहे थे। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 77 किलोमीटर पर उनकी कार के पीछे एक रोडवेज बस आ रही थी। बस ने अचानक उनकी कार को ओवरटेक किया। इससे उनकी कार का पिछले हिस्से का बोनट उससे टकरा गया। चालक ने ब्रेक लगाया तो बस वाले ने भी ब्रेक लगाया। इससे उनकी कार का बैलेंस बिगड़ गया। गाड़ी किसी तरह डिवाइडर के सहारे जाकर रुकी। गाड़ी बुरी तरह डैमेज हो गई थी। राहगीरों ने आकर चालक को और राजेश जायसवाल को बाहर निकाला। राजेश जायसवाल को पास के अस्पताल में ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर सुनकर उनकी पत्नी अलका जायसवाल सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंच गईं। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल था। उनकी दो बेटी और एक बेटा है। बड़ी बेटी मेडिकल की तैयारी कर रही है।











