आगरा। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में छात्रा गुलाल एक दिन की जिलाधिकारी बनीं। जिस तरीके से उन्होंने जनसुनवाई की और दिशा निर्देश दिए उससे सभी का दिल जीत लिया।
मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत प्राथमिक शिक्षा परिषद के श्यामा देवी कंपोजिट विद्यालय की छात्रा गुलाल को एक दिन के लिए आगरा की जिलाधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने स्वयं गुलाल का स्वागत किया और अपनी सीट प्रदान कर औपचारिक रूप से उसे डीएम का पदभार सौंपा। कार्यभार ग्रहण करते ही डीएम गुलाल ने इस तरीके से जनसुनवाई की कि ऑफिस में मौजूद सभी लोग गदगद हो गए। पहले आवेदन में एक विद्यालय के बच्चों को फतेहपुर सीकरी भ्रमण हेतु अनुमति मांगी गई थी, जिस पर गुलाल ने आदेश देते हुए कहा कि शिक्षा से जुड़ी हर पहल का प्रशासन को समर्थन करना चाहिए। उन्होंने अधीक्षण पुरातत्वविद को नियमानुसार अनुमति देने के निर्देश दिए। दूसरे मामले में मधुविहार फेस-2 झूलेलाल कॉलोनी के लोगों ने अवैध तबेले की शिकायत की। इस पर छात्रा डीएम गुलाल ने नगर निगम को मौके पर जांच कर निस्तारण करने के आदेश दिए। इसके बाद उन्होंने एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला के साथ कलेक्ट्रेट परिसर के विभिन्न कार्यालयों, जिलाधिकारी न्यायालय, अपर जिलाधिकारी कार्यालय व राजस्व शाखा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें प्रशासनिक कार्यप्रणाली, दस्तावेजी प्रक्रिया और निर्णय लेने की विधि की जानकारी दी गई। मीडिया से बातचीत में गुलाल ने कहा कि हर लड़की को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए। किसी भी समस्या को माता-पिता, खासतौर पर अपनी मां से साझा करने में हिचकना नहीं चाहिए।
उसने बताया कि वह भविष्य में अधिकारी बनकर गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करना चाहती है। जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी ने कहा कि गुलाल जैसी बेटियां समाज के लिए प्रेरणा हैं।










