आगरा। सदर थाना क्षेत्र में रहने वाले दंपति ऑस्ट्रेलिया अपने बेटे के पास गए थे। उनके पीछे घर में चोर घुस गए और नगदी और आभूषण चोरी करके ले गए। भतीजे के द्वारा पुलिस को सूचना दी गई और मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही वह सुनार भी पकड़ा गया है जिसे उन्होंने आभूषण बेचे थे।
राजीव मेहरा सौदागर लाइन चौकी क्षेत्र में रहते हैं। वह ऑस्ट्रेलिया में अपने बच्चों के पास जाते रहते हैं। एसीपी सदर इमरान अहमद ने बताया कि 26 जनवरी को उनके रिश्तेदार के माध्यम से सूचना मिली थी कि ऑस्ट्रेलिया में गए दंपति के यहां जो कि उनके रिश्तेदार है उनके घर का ताला तोड़कर उसमें चोरी हो गई है। वह घर के सामने ही रहते हैं सुबह आंख खुलने पर ताले टूटे हुए देखकर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों का सुराग लगना शुरू कर दिया। इंस्पेक्टर सदर विजय विक्रम सिंह ने मुखबिर की सूचना पर चोरों को गिरफ्तार कर लिया। उनके नाम बादल, संतोष और विजय हैं। इनके द्वारा महिपाल नाम के सुनार को आभूषण बेच दिए गए थे। पूछताछ में सामने आया कि दंपति ने ऑस्ट्रेलिया जाने से एक दिन पहले एक पेंटर से दो युवक घर की सफाई करने के लिए भेजने को कहा था। वह दोनों घर में सफाई करने आए थे तो उन्हें जानकारी हो गई थी कि कल दंपति ऑस्ट्रेलिया चले जाएंगे। इसके बाद उन्होंने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने सुनार से पूरा माल बरामद कर लिया है। इसके साथ ही लैपटॉप, टैबलेट, आईफोन आदि सभी बरामद कर लिया गया है।










