आगरा/ हाथरस। मंगलवार का दिन हादसों के नाम रहा। यमुना एक्सप्रेस-वे पर सुबह एक हादसे में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौत हो गई। फतेहाबाद-बाह मार्ग पर भी एक हादसा हो गया जिसमें दो लोगों की मौत हो गई।
मंगलवार तड़के करीब 4:15 बजे यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 141 पर दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक निजी डबल डेकर बस ने आगे चल रही ईको वैन को ओवरटेक करने की कोशिश में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में पति-पत्नी समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी यात्री होली का त्योहार मनाने अपने-अपने घर जा रहे थे। हादसा इतना भीषण था कि वैन करीब 10 फीट दूर उछलकर जा गिरी और उसका पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में तीन मृतक आगरा और तीन राजस्थान के धौलपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान दिनेश (55) पुत्र हुकम सिंह, सुनीता (51) पत्नी दिनेश
निवासी गंगोलियापुर, थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान),लोकेश (35) पुत्र भूरी सिंह
निवासी चमोली घर, थाना राजाखेड़ा, धौलपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है। परिवार के मुताबिक, दिनेश नोएडा सेक्टर-41 में मिठाई की दुकान चलाते थे। वह अपनी पत्नी के साथ होली मनाने गांव लौट रहे थे। उनके दो बच्चे भी घायल हुए हैं।दिल्ली से धौलपुर जा रही ईको वैन में कुल 13 लोग सवार थे। हादसे में चालक वीरेंद्र पुत्र रामप्रकाश घायल हो गया। इसके अलावा मनोज पुत्र सुरेश, आर्यन (8), अंशु (6), लक्ष्य (1), प्राची (3), पूनम बघेल (15) सहित कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को पहले खंदौली सीएचसी ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में तीन को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया।
दूसरी ओर फतेहाबाद-बाह मार्ग पर सुबह करीब पांच बजे थाना अरनोटा पुल के पास एक कार और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। तेज रफ्तार ट्रक से टकराई कार
भूरी सिंह पुत्र सरनाम सिंह निवासी अनूपुरा, गोहद भिंड, मध्य प्रदेश नोएडा से अपने गांव के लिए कार से रवाना हुए थे। कार में उनके परिवार के सदस्य भी सवार थे। जैसे ही वाहन अरनोटा पुल के पास पहुंचा, तभी बाह की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से ग्राइंडर मशीन से कार को काटकर घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में तनु उम्र लगभग 3 वर्ष पुत्री भूरी सिंह निवासी अनूपुरा, गोहद भिंड और राजकुमार उम्र करीब 45 वर्ष पुत्र बांकेलाल निवासी गोहद चौराहा, भिंड मध्य प्रदेश की मौके पर ही मौत हो गई।











