आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधि ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर आमजन से सीधा संवाद कर रहे हैं।
आगरा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र विधायक व सरकार में महिला कल्याण एवं बाल विकास पुष्टाहार विभाग मंत्री बेबी रानी मौर्य ने शनिवार रात्रि को ब्लॉक बिचपुरी के गांव अरतौनी में रात्रि प्रवास किया। इस दौरान गांव के प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक एवं विभिन्न विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों की दर्जनों शिकायतों का संज्ञान लेते हुए मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के साथ उनके उचित निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष अरतौनी अंडरपास, विभिन्न सड़क मार्ग निर्माण एवं पेंशन संबंधित समस्याओं को उठाया। कैबिनेट मंत्री ने समस्त महत्वपूर्ण विषयों पर प्राथमिकता के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाते हुए शीघ्र ही धरातल पर सार्थक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की जनता आज सब कुछ जान चुकी है। देश की विपक्षी पार्टियां जो अतीत में नहीं कर सकी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में समस्त प्रदेशों की भाजपा सरकारें सुशासन के अग्रिम पथ पर चल रही हैं। इस मौके पर प्रतिनिधि यशपाल राणा, अभिनव मौर्या, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सोनू दिवाकर, ममता दिवाकर, जिला भाजपा मंत्री अंबुज द्विवेदी, किशन शर्मा, मंडल अध्यक्ष पदम सिंह, एसडीएम सदर सचिन राजपूत, बीडीओ अरुण कुमार, डीडीओ भावना यादव सहित पुलिस प्रशासन और पार्टी कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।











