आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह फतेहाबाद क्षेत्र में दो बसों के आपस में टकराने का हादसा हो गया। हादसे में दोनों बसों में सवार सात लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस, यूपीडा की टीम ने घायलों को उपचार के लिय अस्पताल भेजा।
सुबह के समय यह हादसा हुआ। दोनों बसों में टक्कर होने की आवाज होने पर दोनों बसों में बैठे लोगों में चीख पुकार मच गई। हादसे में गंगासागर ट्रैवल्स बस में सवार अंशिका पुत्री सत्येंद्र यादव तथा राबिया खातून पुत्री अब्दुल को मामूली चोटें आईं। वहीं दूसरी बस के चालक बबलू के अलावा शताक्षी पुत्री संजय पांडे, मुकेश पांडे पुत्र रामलोट पांडे, सुरेंद्र सिंह पुत्र मेहराम सिंह निवासी मझौली फरीदाबाद तथा रितिक यादव घायल हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस व यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और बस से घायलों को निकाल कर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा गया। वही दोनों बसों में सवार यात्रियों को सुरक्षित दूसरी बसों में बैठाकर उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।











