आगरा। जगदीशपुरा क्षेत्र में पुलिस ने बंद मकान में संचालित जुए के फड़ पर छापा मारा। मौके से 13 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और वाहन भी बरामद किए गए।
एसीपी गौरव सिंह ने बताया सूचना मिली थी कि नीलम एन्क्लेव के पास स्थित एक बंद मकान में लंबे समय से जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना जगदीशपुरा पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर छापा मारा। अचानक हुई कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने ₹1,58,530 की नकदी, 25 मोबाइल फोन, 52 ताश के पत्ते, 2 स्कूटी और 1 मोटरसाइकिल बरामद की। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान धर्मेंद्र परिहार, सतीश कुमार, संजय शर्मा, दशरथ, विवेक कुमार, शिवम, ध्रुव, गोविंद कुमार, भावेश झामनानी, सनी, सलमान, गौरव और धर्मेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि जुए के इस अड्डे का संचालन कौन कर रहा था और इसमें अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।










