आगरा। उपभोक्ताओं को विद्युत संबंधी सेवाएं सहज और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टोरेंट पावर की ओर से शहर में तीन ग्राहक सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। ये केंद्र प्रतापपुरा, जयपुर हाउस तथा चर्च रोड, संजय पैलेस के सामने राम रघु हॉस्पिटल के पास स्थित हैं। कार्यदिवसों में उपभोक्ता इन केंद्रों पर पहुंचकर बिजली से संबंधित शिकायत, नए कनेक्शन, बिल अथवा अन्य आवश्यक विद्युत सेवाओं के संबंध में जानकारी और सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
टोरेंट पावर की ओर से बताया गया है कि इन ग्राहक सेवा केंद्रों पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टोरेंट पावर के प्रशिक्षित एग्जीक्यूटिव तैनात किए गए हैं। केंद्रों पर 10 से 12 काउंटरों के माध्यम से विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इसके अलावा फ्लोर पर मौजूद कर्मचारी उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार सही काउंटर तक पहुंचाने और समस्या के समाधान में सहायता करते हैं। ग्राहक सेवा केंद्रों पर उपभोक्ताओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। यहां बैठने के लिए व्यवस्था, पेयजल और टोकन सिस्टम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। टोकन व्यवस्था के माध्यम से उपभोक्ताओं को अपनी बारी का इंतजार करने में सुविधा होती है और सेवा प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जाता है। टोरेंट पावर की ओर से उपभोक्ताओं के लिए 24×7 कॉल सेंटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। उपभोक्ता किसी भी समय विद्युत संबंधी शिकायत अथवा आवश्यक जानकारी के लिए कॉल सेंटर से संपर्क कर सकते हैं। कंपनी के उपाध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं को बेहतर और सहज सेवाएं उपलब्ध कराना टोरेंट पावर की प्राथमिकता है। निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति के साथ-साथ उपभोक्ताओं को त्वरित सेवा उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। टोरेंट पावर ने उपभोक्ताओं से अपील भी की है कि विद्युत संबंधी किसी भी कार्य के लिए किसी दलाल, बिचौलिए या अनधिकृत मध्यस्थ के माध्यम से संपर्क न करें। उपभोक्ता सीधे टोरेंट पावर के अधिकृत अधिकारियों और ग्राहक सेवा केंद्रों से संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान प्राप्त करें। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि ग्राहक सेवा केंद्रों के बाहर यदि किसी ठेकेदार अथवा अन्य व्यक्ति की ओर से कोई काउंटर लगाया गया है, तो उसका टोरेंट पावर से कोई संबंध नहीं है। ऐसे किसी व्यक्ति या काउंटर के माध्यम से विद्युत संबंधी सेवा लेने से उपभोक्ताओं को बचना चाहिए। कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में न आएं और सतर्क एवं जागरूक रहें।











