आगरा। ग्रीन गैस बिल भुगतान के नाम पर साइबर ठगों के द्वारा लगातार लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। एक ताजा मामला और सामने निकल कर आया है। एक उपभोक्ता के पास एपीके फाइल डाउनलोड कराके मोबाइल हैक कर लिया। जिसके बाद खाते से 9.80 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। ग्रीन गैस के नाम पर दो महीने में साइबर अपराधी दो दर्जन से अधिक उपभोक्ताओं को अपना शिकार बना चुके हैं।
भरतपुर हाउस निवासी गुरु प्रसाद अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि दस अक्टूबर की शाम को सवा छह बजे उनके मोबाइल पर अपरिचित नंबर से काल आया। काल करने वाले ने कहा कि वह ग्रीन गैस लिमिटेड से बोल रहा है। उनका ग्रीन गैस का बिल बकाया है, ऑनलाइन भुगतान के बहाने उनका क्रेडिट कार्ड नंबर मांगा। उन्होंने कंपनी को ऑनलाइन भुगतान का प्रयास किया जो अस्वीकृत हो गया।
जिस पर कॉल करने वाले ने उनके वाट्सएप पर लिंक भेजा जो एपीके फाइल से संबंधित था। जिसे डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया। जिसके बाद शाम 62 मिनट में उनके खाते से 14 बार में उनके क्रेडिट कार्ड से 9.80 लाख रुपये निकल गए। धोखाधड़ी का पता चलते ही उन्होंने क्रेडिट कार्ड ब्लाक कराने के साथ ही साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत कराई।









