आगरा। शुक्रवार सुबह से अचानक बदले मौसम और तेज बारिश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित आगरा दौरे के कार्यक्रम को प्रभावित कर दिया। बारिश के कारण मुख्यमंत्री की जनसभा को निरस्त कर दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच उस समय हलचल मच गई, जब भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने मंच से मुख्यमंत्री की जनसभा निरस्त किए जाने की घोषणा की।
जनसभा के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे थे, लेकिन लगातार बारिश के कारण परिस्थितियां बदल गईं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की यह जनसभा आगामी शिक्षक और स्नातक एमएलसी चुनाव के मद्देनजर आयोजित की जानी थी। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह था। मुख्यमंत्री को जनसभा के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करना था। इसके अलावा मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में निर्माणाधीन शिवाजी म्यूजियम का निरीक्षण भी प्रस्तावित था। जनसभा के बाद उन्हें दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करनी थी। बारिश के कारण मुख्यमंत्री के इन प्रस्तावित कार्यक्रमों को लेकर भी स्थिति प्रभावित हुई है। आगरा में शुक्रवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ रहा। आसमान में घने बादल छाए रहे और हल्की बूंदाबांदी के बाद बारिश तेज हो गई। करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण सुबह के समय हल्की ठंड भी महसूस की गई। लगातार बदलते मौसम के बीच मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल पर भी व्यवस्थाओं पर असर पड़ा। बारिश के कारण कार्यक्रम स्थल के हालात बदल गए और अंततः जनसभा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया।











