आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र में एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में भाजपा पार्षद किशन नायक और उनके दो बेटे विवेक नायक व सागर नायक की मुश्किलें बढ़ गई हैं। तीनों के खिलाफ अदालत ने गैर-जमानती वारंट (NBW) जारी किए हैं। अदालत में लगातार पेश नहीं होने के बाद अब आरोपियों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, एससी-एसटी एक्ट से जुड़े इस मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। न्यायालय के निर्देश के बावजूद जब किशन नायक और उनके दोनों बेटे कोर्ट में पेश नहीं हुए तो अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर दिए। इसके साथ ही कुर्की की कार्रवाई के लिए भी वारंट जारी किया गया है।
रविवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फरार भाजपा पार्षद किशन नायक के घर पर कुर्की वारंट चस्पा कर दिए। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ न्यायालय के आदेश के अनुपालन में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी में है। किशन नायक आगरा में पहले भी अपने अलग अंदाज को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। कुछ समय पहले उनका नाले में उतरकर जन्मदिन मनाने और वहीं केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस घटना के बाद वह काफी सुर्खियों में आए थे। फिलहाल एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में उनके और उनके दोनों बेटों के फरार होने तथा अदालत से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद उनकी राजनीतिक और कानूनी मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस की अगली कार्रवाई आरोपियों की गिरफ्तारी और अदालत के निर्देशों के पालन पर केंद्रित है।











