आगरा। रकाबगंज थाना क्षेत्र में रावली के पास पुलिस पर जिस युवक को तीसरी मंजिल से फेंक कर हत्या करने का आरोप लग रहा है उसकी दो बच्चियां अनाथ हो गई हैं। पिता का कहना है बेटे की मौत के बाद पुलिस ने मामला दबाने के लिए चार लाख रुपए देने की बात भी कही थी। इस पर उन्होंने कहा एक तो उनके बेटे की हत्या कर दी ऊपर से उसकी हत्या का सौदा कर रहे हो। मामले से क्षेत्र में तनाव है और पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश है।
रावली में मंदिर के पास जुआ हो रहा था। रात में यहां पर पुलिस पहुंच गई। पैसे की लूटपाट को लेकर विवाद हुआ ऐसी चर्चाएं हैं। चंदन राजपूत ने बताया कि पुलिस को पैसे नहीं देने पर पुलिस ने ललित के साथ मारपीट की और उसे नीचे फेंक दिया। वह जमीन पर पड़ा पड़ा तड़प रहा था लेकिन पुलिस उसे अस्पताल ले जाने की जगह भाग गई। सुबह वह उनके पास आई और कहा चार लाख रुपए लेकर मामला दबा दो। यह सुनकर वह भड़क गए। इधर क्षेत्रीय लोगों ने हंगामा कर दिया और जाम लगा दिया। क्षेत्रीय लोगों का कहना था कि बीते दिनों भी पुलिस जुआ लूट कर ले गई थी इससे उसकी आदत खराब हो गई। वह फिर से जुआ लूटने आई थी। अगर जुआ लूटने नहीं आई थी तो फिर अधिकारियों को जुआ पर दबिश देने की सूचना क्यों नहीं थी? विधायक डॉ. जीएस धर्मेश भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से बात कर घटना पर रोष व्यक्त किया। उन्होंने मृतक के परिवार को न्याय और नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया उसके बाद भीड़ शांत हुई। लोगों का यह भी कहना है अगर नौकरी नहीं मिली तो विधायक के आवास का घेराव करेंगे। मृतक ललित एक अस्पताल में कंपाउंडर था, उसकी दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों के सर से पिता का साया उठने पर क्षेत्रीय लोगों की आंखें नम हैं। उनका कहना है पुलिस ने दोनों बेटियों को अनाथ कर दिया। इधर एसीपी अमीशा ने बताया दो कांस्टेबल को निलंबित किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।










