आगरा। रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली में पुलिस दबिश के दौरान जिस युवक ललित की हत्या का पुलिस पर आरोप लगा है उसके घर रविवार को राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन पहुंचे। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। साथ ही यह भी कहा कि आगरा की पुलिस बेलगाम हो गई है।
शुक्रवार और शनिवार की रात रावली मंदिर के पास पुलिस एक जगह जुआ पकड़ने पहुंची थी। पुलिस पर आरोप है कि वह जुआ लूटने पहुंची थी और उसने ललित नाम के युवक को तीसरी मंजिल से नीचे फेंक कर उसकी हत्या कर दी। एक-दो दिन पहले भी पुलिस जुआ लूटने के लिए पहुंची थी और जुआ लूट कर लाई थी। मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है क्योंकि उन्होंने उच्च अधिकारियों को दबिश से अवगत नहीं कराया था। मृतक ललित घर में कमाने वाला अकेला व्यक्ति था। उसकी दो बेटियां हैं। रविवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन ने पीड़ित परिजन से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पुलिस की दबिश के दौरान किसी व्यक्ति की जान जाना अत्यंत गंभीर मामला है। खुद पुलिस वालों की भूमिका सवालों के घेरे में होने से जांच होना जरूरी हो जाता है। उन्होंने आशंका जताई कि अक्सर ऐसे मामलों में पुलिस महकमे की साख बचाने के लिए तथ्यों को दबाने और लीपापोती का प्रयास किया जाता है। यह प्रवृत्ति न्याय व्यवस्था और आम जनता के विश्वास के लिए घातक है। इस दौरान प्रदेश सचिव ममता टपलू, सांसद प्रतिनिधि धर्मेंद्र यादव, इंजीनियर महावीर, संजय माहौर आदि मौजूद रहे।










