आगरा। आगरा कमिश्नरेट में पुलिस की थर्ड डिग्री का एक और मामला सामने आया है। चौकी प्रभारी सौदागर लाइन का नाम लेने पर एक युवती को स्टेडियम में एंट्री नहीं दी गई तो वह बौखला गया और पुलिस वाला गुंडा बन गया। आरोप है कि उसने एकलव्य स्टेडियम के कर्मचारी को चौकी में बुलाकर लात घूसों डंडे से पीटा। वर्दी की हनक दिखाकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित कर्मचारी ने दरोगा की गाली देते हए ऑडियो भी रिकॉर्ड कर ली और पुलिस अधिकारियों से चौकी प्रभारी पर कार्रवाई के लिए शिकायत की है।
एकलव्य स्टेडियम में रोहित कुमार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। उन्होंने बताया उनकी ड्यूटी कीड़ा अधिकारी के निर्देश पर एकलव्य स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वार पर खिलाड़ियों के आई कार्ड जांचने के लिए रहती है। शुक्रवार सुबह एक युवती बिना कार्ड के स्टेडियम में प्रवेश करने की कोशिश कर रही थी। जब उसे रोका गया तो उसने चौकी प्रभारी का नाम लिया। इधर स्टाफ ने उसे प्रवेश देने से मना कर दिया। नाराज होकर युवती कर्मचारी का नाम पूछ कर वहां से चली गई। इसके बाद में चौकी प्रभारी रिक्की पूनिया का उनके पास फोन आया और उन्हें चौकी पर बुलाया, उनका कहना है जब वह 11:00 बजे चौकी पर पहुंचे तो चौकी प्रभारी ने कहा तुमने लड़की को प्रवेश क्यों नहीं दिया। इसके बाद चौकी का गेट बंद कर लिया, जिससे उनकी चीखें बाहर नहीं निकले और उन्हें लात घूसों और डंडे से बुरी तरह पीटा गया। वह गिड़गिड़ाता रहा और रहम की भीख मांगता रहा लेकिन चौकी प्रभारी बोले आज तुझे जान से मार दूंगा। आज के बाद तू मेरा नाम सुनकर कांप उठेगा। वह उसे मारते मारते थक गए तब अपने आप शांत हुए। इसके बाद उन्होंने उसका मोबाइल छीन लिया और अवैध हिरासत में शाम के 4:00 तक चौकी पर बैठा कर रखा। आरएसओ के फोन करने के बाद उन्हें छोड़ा गया। पीड़ित ने अपने फोन में चौकी इंचार्ज से बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर लिया था। इसमें चौकी प्रभारी उनसे गाली गलौज कर रहा है। धमका रहा है। वह कर्मचारी को युवती से बदतमीजी करने के आरोप में फंसाने की धमकी दे रहा है। अब देखना होगा कि अधिकारी इस मामले में भी अन्य मामलों की तरह लीपापोती कर देंगे या चौकी प्रभारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उस पर कार्रवाई करेंगे। मामले में एसीपी अमीशा सिंह का कहना है कि युवती से कर्मचारी ने अभद्रता की थी। इसलिए उसे चौकी पर बुलाया था। कर्मचारी के जो आरोप हैं उनकी जांच की जा रही है।










