आगरा। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर खंदौली स्थित मई चौराहे के पास अलीगढ़ के अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश पर हमला करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है उनली कार में बाइक की टक्कर लगने पर समझाने पर युवक ने अपने 30-40 साथियों को बुला लिया। इसके बाद में अपर जिला जज, उनके पिता और गनर के साथ मारपीट की। मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है।
घटना 24 अक्तूबर की है। अलीगढ़ न्यायालय की कोर्ट संख्या पांच में तैनात अपर जिला जज अली मुस्तफा पिता गुलाम मुस्तफा, मां और गनर के साथ लखनऊ से अलीगढ़ जा रहे थे। यमुना एक्सप्रेस-वे के खंदौली इंटरचेंज से उतरकर वह आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर आए। मई चौराहे पर जवाहर इंटर कॉलेज के सामने शराब के नशे में आए बाइक सवार ने कार में चालक साइड पर टक्कर मार दी। उन्होंने मोटरसाइकिल सवार को समझाने की कोशिश की तो वह गाली-गलौज करने लगा। उसने अपना नाम भूपेंद्र निवासी गोविंदपुर बताया। कहा कि वह बीएसएफ में जवान है। अपने समर्थन में 30-40 लोग बुला लिए। हमलावरों ने उनसे, उनके पिता और गनर से मारपीट शुरू कर दी। उनके पिता की नाक और दोनों हाथों की कलाइयों में चोटें आईं। उन्होंने 112 पर सूचना दी मगर मौके पर सहायता नहीं मिली। उन्होंने थाना प्रभारी को फोन पर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर गोविंदपुर, थाना सादाबाद, हाथरस निवासी भूपेंद्र और 40 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।










