आगरा/नई दिल्ली। देश के करीब 70 फीसदी हिस्से में भीषण गर्मी का कहर जारी है। इसकी चपेट में देश की करीब 80 प्रतिशत आबादी है। कल देश के 33 शहरों में तापमान 44 डिग्री को पार कर गया। इनमें आगरा भी था। आज भी आगरा में दोपहर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगरा में अभी यह स्थिति कई दिनों तक बनी रहेगी। उधर राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, बिहार, झारखंड में अप्रैल के बचे तीन दिनों में तापमान लगातार बढ़ेगा।
मौसम विभाग की मानें तो कल और परसों आगरा में भयंकर लू चलेगी। एक मई को संभवत: गर्मी का पीक रहेगा। ऐसी संभावना है कि एक मई और दो मई को पारा 45 डिग्री सेल्सियस को भी पार कर जाएगा और इसके 46 तक पहुंचने की संभावना है।
मौसम विभाग ने साफ कहा है कि उत्तर प्रदेश में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। अप्रैल के आखिरी हफ्ते में गर्मी अपने चरम पर पहुंचती हुई दिखाई दे रही है। कल प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म झांसी शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लखनऊ समेत पूरे प्रदेश के लिए भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ समेत अन्य जिलों में अगले तीन दिन यानी शनिवार तक भीषण गर्मी पड़ेगी। इस दौरान 60 की स्पीड से गर्म हवाएं भी चलेंगी। उधर वाराणसी में पश्चिम से आती शुष्क और गर्म हवाओं ने पूरा वातावरण गर्म कर दिया है। एक बार फिर पारा औसत से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले 18 अप्रैल को पारा 45.2 डिग्री तक पहुंच गया था। कल यहां तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच सकता है।
भीषण गर्मी का प्रकोप गंगा पर भी पड़ने लगा है। गंगा में नरौरा डैम से छोड़े जाने वाले पानी से गंगा में जलस्तर अच्छा बना रहता है। मगर, तापमान बढ़ने के साथ ही नरौरा डैम से बीते 15 दिनों में पानी का डिस्चार्ज बेहद कम 12,010 क्यूसेक तक ही रह गया है। बीते 5 साल में पहली बार ऐसा हुआ कि अप्रैल में गंगा इतनी ज्यादा सूख गई हैं।











